दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संघ (दक्षेस) में पहली बार किसी महिला महासचिव का चयन हुआ है। मालदीव की 36 वर्षीय वकील को महासचिव चुना गया है। काठमांडू स्थित दक्षेस सचिवालय के कूटनीतिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि मालदीव की पूर्व संसद सदस्य फातीमाथ धीयाना सईद की एक मार्च को दक्षेस की महासचिव के रूप में नियुक्ति की जाएगी। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि पिछले अप्रैल में भूटान के थिंपू में 16वें दक्षेस सम्मेलन में मालदीव ने महासचिव पर फातीमाथ धीयाना की नियुक्ति किए जाने की अनुशंसा की थी। वर्तमान महासचिव भारतीय कूटनीतिज्ञ शील कांत शर्मा का इस पद पर तीन साल का कार्यकाल 28 फरवरी को पूरा हो रहा है। फातीमाथ मालदीव की पूर्व महान्यायवादी (एटॉर्नी जनरल) भी रही हैं। आठ देशों के संघ दक्षेस में हर तीन साल में सदस्य देशों में से ही किसी से महासचिव चुना जाता है।